उत्कृष्ट विद्यालयों के प्राचार्यों के दल ने किया एमसीयू का शैक्षणिक भ्रमण

भोपाल, 22 जनवरी, 2021: मध्यप्रदेश के शासकीय उत्कृष्ट और आदर्श विद्यालयों के लगभग 25 प्राचार्यों का दल अकादमिक भ्रमण के लिए विश्वविद्यालय आया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित पत्रकारिता, संचार और कंप्यूटर तकनीक के विषयों की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही विश्वविद्यालय पुस्तकालय, स्टूडियो और न्यू टेक्नोलॉजी लैब का भ्रमण भी प्राचार्यों के दल ने किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. ऊषा खरे ने कहा कि पत्रकारिता एवं संचार के क्षेत्र के लिए उत्कृष्ट मानव संसाधन तैयार करने में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिन युवाओं को मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाना है, उनके लिए यह विश्वविद्यालय बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है।

कुलसचिव प्रो. अविनाश वाजपेयी और डीन अकादमिक प्रो. पवित्र श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय में आये प्राचार्यों के समूह को विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। जबकि विभागाध्यक्षों ने विभिन्न विभाग में संचालित हो रहे पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय आये प्राचार्यों के समूह ने इस शैक्षणिक भ्रमण को सार्थक बताया। आयोजन का समन्वय वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. पवन सिंह मलिक ने किया।