एमसीयू की नालंदा लाइब्रेरी साहित्यिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरी है : कुलपति प्रो. सुरेश

भारतीय सभ्यता पश्चिमी मीडिया के निशाने पर : उमेश उपाध्याय

भोपाल, 11 मार्च, 2024: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक श्री उमेश उपाध्याय द्वारा लिखित “वेस्टर्न मीडिया नेरेटिव्स ऑन इंडिया फ्रॉम गांधी टू मोदी” पुस्तक पर चर्चा का आयोजन नालंदा पुस्तकालय में किया गया। आख्यान की अध्यक्षता विवि. के कुलपति प्रो. डॉ. के.जी. सुरेश ने की। भारत पर पश्चिमी मीडिया के आख्यान बताते हैं कि सांस्कृतिक साम्राज्यवाद तीसरी दुनिया के देशों को कैसे प्रभावित करता है। भारत पर केंद्रित, यह नेरेटिव 1947 में देश की आजादी से लेकर आज तक फैली हुई है, जिसमें प्रमुख पश्चिमी अंग्रेजी मीडिया द्वारा भारतीय नेतृत्व को लगातार निशाना बनाने की पड़ताल की गई है।

कुलपति प्रो.डॉ.के.जी. सुरेश ने कहा कि पश्चिमी मीडिया में भारत को नकारात्मक रुप में पेश किया जाता है और हम सभी दुष्प्रचार का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उमेश उपाध्याय ने एक व्यापक शोध वाली पुस्तक लिखी है जो महात्मा गांधी से लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तक के पूरे समय के पैमाने का दस्तावेजीकरण करती है। कुलपति प्रो. सुरेश ने कहा कि नालंदा पुस्तकालय एक ऐसे केंद्र के रूप में उभरा है, जहां विख्यात लेखक अपनी किताबें विमोचन करने आ रहे हैं और इसने संकाय और छात्रों को नए विचारों को सुनने और चर्चा करने के लिए एक मंच दिया है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ा सम्मान है, क्योंकि यह उस पुस्तक का पहला चर्चा सत्र है, जिसे दो दिन पहले जारी किया गया था। अमेज़ॅन पर उपलब्ध पुस्तक पहले ही मीडिया अध्यन में नंबर एक बेस्ट सेलर बन चुकी है।

अपनी पुस्तक के अंश पढ़ते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक उमेश उपाध्याय ने कहा कि वह खुद को एक सिविलाईजेशन वारियर (सभ्यता का योद्धा) मानते हैं और इस पुस्तक के माध्यम से वह भारत के खिलाफ पश्चिम के लंबे समय से चले आ रहे पूर्वाग्रहों के खिलाफ लड़ रहे हैं। संचालन डॉ. जया सुरजानी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आरती सारंग ने किया। सत्र में डीन अकादमिक डॉ. पी. शशिकला, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।