एमसीयू परिसर में पहला बर्ड वॉक, वर्डीटर, कपासी चील देख चहके विद्यार्थी
भोपाल, 7 फरवरी 2026 : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय का पहला बर्ड वॉक कार्यक्रम आज संपन्न हुआ। इस बर्ड वॉक का आयोजन अटावी बर्ड फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। नेचुरलिस्ट और पक्षियों के जानकार अंकित मालवीय ने इसका संचालन किया। जनसंचार विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ लाल बहादुर ओझा ने इसका संयोजन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण की समझ और संवेदनशीलता के विस्तार के मद्देनजर किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर के इस पहले पक्षी दर्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ इसमें भागीदारी की। दादा माखनलाल चतुर्वेदी प्रतिमा के सामने से हुई यह वॉक संदीपनी ध्यान केन्द्र, पावर हाउस, गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार, बालक छात्रावास होते हुए रहवासी इलाके की कुछ जगहों पर भी पक्षियों का अवलोकन किया। इस दौरान स्थानीय व प्रवासी पक्षियों की प्रजातियों के दर्शन भी हुए। कपासी चील, रेड वेंटेड बुलबुल, बार्न आउल, ग्रीनिस वार्बलर, फैन टेल, वर्डीटर फ्लाइकैचर, व्हाइट थ्रोट, ब्लैक ड्रोंगो, ब्राह्मणी मैना, गौरैया, मैग्पाई रॉबिन, पाइड रॉक चैट, इंडियन रॉबिन, लाफिंग डव, महोक, हरा पतरिंगा, कैटल इगरेट, सिल्वर बिल, व्हाइट आई, रेड ब्रेस्टेट फ्लाई कैचर, ट्री पिपीट., पैराकीट, सनबर्ड, जंगल बैबलर, व्हाइट फ्रैंकोलीन जैसे दर्जनों पक्षियों की पहचान की। इस दौरान श्री अकित ने पक्षियों के भोजन, बसाहट, व्यवहार, प्रजनन, प्रवासन एवं उनकी चुनौतियों आदि पर विद्यार्थियों के सवालों पर चर्चा भी की।
मालूम हो कि एमसीयू का नया परिसर बिशनखेड़ी के पास है। भोपाल का यह इलाका प्रचुर जैव विविधता के लिये जाना जाता है। विशेष कर स्थानीय व प्रवासी पक्षियों की दर्जनों प्रजातियों के दर्शन यहाँ किये जा सकते हैं।





