एमसीयू की एनएसएस यूनिट ने पक्षियों के लिए शुरू किया दाना-पानी अभियान

                     बढ़ती गर्मी में कैंपस में पक्षियों के लिए सकोरों में पानी और दाने का किया इंतजाम

भोपाल 31 मार्च 2026: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 31 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में ‘‘दाना-पानी अभियान” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए पक्षियों के संरक्षण हेतु शुरू किए गए इस नेक कार्य का आयोजन कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय के कैंटीन के सामने और विभिन्न वृक्षों पर एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा पक्षियों के लिए दाने और पानी के सकोरे, मिट्टी के पात्र बांधे गए। कार्यक्रम का समन्वय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह अवास्या और मनीषा वर्मा ने किया।

इस अभियान की परिकल्पना अध्यक्ष तविषी देवरानी द्वारा विशेष रूप से स्वयंसेवकों के भीतर जीव-दया की भावना जगाने के लिए की गई। उन्होंने जोर दिया कि पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना केवल एक कार्य नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का अहसास है।

यह अभियान इस बात का प्रतीक है कि एक ‘‘स्वयंसेवक” समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए केवल अपने बारे में न सोचकर, दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहता है।