“विज्ञापन और जनसंपर्क जैसे सृजनात्मक क्षेत्र में असीमित संभावनाएं मौजूद” :कुलगुरू

“क्रिएटिव सेक्टर के लिए अच्छी भाषा आवश्यक “: संजय धस्माना

एमसीयू में  पब्लिक सर्विस एडवर्टाइजिंग की प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन

भोपाल 12 अप्रैल 2026 : विज्ञापन एवं जनसंपर्क का क्षेत्र बहुत क्रिएटिव है। इसमें बहुत सी संभावनाएं मौजूद हैं। विज्ञापन की कला हमें बताती है कि बहुत सी बातों को संक्षेप में कैसे कहा जाए।  एक वाक्य में अगर बहुत बड़ी बात कहनी हो तो विज्ञापन के जरिये कही जा सकती है। यह हमे सृजनात्मकता सिखा देती है। पब्लिक सर्विस से जुड़े विषयों और मुद्दों पर एमसीयू के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञापनों की प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि हमारा विश्वविद्यालय पत्रकारिता का शांति निकेतन बन रहा है। इसके विद्यार्थी लेखन, सिनेमा, डिजाइनिंग और विज्ञापन निर्माण जैसी सृजनात्मक विधाओं में बेहतरीन काम कर रहे हैं। वे विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित पब्लिक सर्विस एडवर्टाइजमेंट पर आयोजित प्रदर्शनी और कार्यशाला  के आयोजन में बोल रहे थे।

इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ बतौर संवाद विज्ञापन एजेंसी के सीईओ श्री संजय धस्माना ने कहा कि  सृजनात्मकता की कोई सीमा नहीं होती।  विज्ञापन की दुनिया में हम जानते हं कि संदेश क्या है और यह किसके लिए लिखा गया है। हमें विज्ञापन तैयार करते समय ध्यान रखना होता है कि कंटेंट जरूरत से अधिक न हो। बस एक अच्छा विजुअल हो इसके साथ बहुत कम शब्दों में अगर ज्यादा से ज्यादा अच्छा कुछ रचा जा सकता हो तो यह एक क्रिएटिव रचना होगी।

श्री धस्माना ने कहा कि विज्ञापन की दुनिया के लिए भाषा का बेहतर होना जरूरी है।  सटीक अर्थ के जरिये हम अपनी ऑडिएंस तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छा साहित्य पढ़ने का सुझाव देते हुए कहा कि साहित्य के अध्ययन से हमारी भाषा का विस्तार होता है। इस अवसर कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो.पवित्र श्रीवास्तव ने कहा कि विज्ञापन के सृजनात्मक क्षेत्र मे मौजूद संभावनाओं से विद्यार्थियों को परिचित करवाने के लिए विभाग द्वारा इस प्रदर्शनी और कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस तरह के क्रिएटिव फील्ड में अभ्यास करने के लिए भी कहा।

इस अवसर पर विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विविध सामाजिक और समसामयिक विषयों पर तैयार किये गए प्रिंट विज्ञापनों सहित श्री संजय धस्माना के पब्लिक  सर्विस प्रिंट विज्ञापनों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।

कार्यक्रम का संचालन विभाग की छात्रा शिवि सिंह ने किया। 

इस आयोजन में विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के विद्यार्थियों सहित शिक्षक उपस्थित थे।