एमसीयू में एआई के दो नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश आरंभ
भोपाल 1 जून 2026 : आज हम सब कहीं न कहीं रोजमर्रा के जीवन में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं। यह सभी आधुनिक तकनीकी टूल्स पर आधरित हैं। इन टूल्स के बदलते आयामों से आज कोई नहीं बचा हैं फिर चाहे वह मीडिया ही क्यों न हो। इसी बदलाव को केंद्र में रखते हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू)ने मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित नए पाठ्यक्रम आरंभ किए हैं। एमसीयू के मीडिया रिसर्च विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित दो नये पाठृयक्रमों एम.एससी(एआई-ड्रिवन मीडिया) व पीजी डिप्लोमा इन एआई-ड्रिवन मीडिया(पीजीएआईएम) के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसका उद्देश्य मीडिया में बढ़ रही एआई तकनीकों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करना है। इसी विज़न के साथ इस पाठ्यक्रम को पूरी तरह से प्रैक्टिकल-आधारित बनाया गया है।
मीडिया रिसर्च विभाग के प्रमुख प्रो. डा. सीपी अग्रवाल के अनुसार यह पाठ्यक्रम उन विद्यार्थियों के लिए है जो मीडिया के साथ एआई तकनीक का गहन अध्ययन करना चाहते हैं और इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को मीडिया के सैद्धान्तिक ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल आधारित कौशल विकास का खास ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को चैटजीपीटी, जेमिनी, पाईथन, दा वीनसी रिसोल्व, नोटबुक एलएम, गूगल पीनपाईन्ट व केपकट एआई जैसे 50 आधुनिक टूल्स का विशेष व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को न्यूज रूम आटोमेशन, डेटा जर्नलिज्म, डीप फेक डिटेक्शन, एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने की विशेषज्ञता हासिल होगी। छात्र पूरी तरह से इंडस्ट्री के लिए तैयार हो सकें इसलिए इन कोर्सेज में 120 क्रेडिट का गहन वर्कलोड रखा गया है।
एआई ड्रिवन मीडिया आज तेजी से विकास कर रहा है। यह भविष्य का मीडिया भी है जिसमें समय के साथ और अधिक पारंगत होना आवश्यक है। हर रोज बदलती तकनीकों में स्वयं को अपडेट रखने की आवश्यकता को देखते हुए इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने में विद्यार्थी खासी रूचि ले रहे हैं।
एमसीयू में संचालित होन वाले इन पाठयक्रमों में एक वर्ष का पीजी डिप्लोमा इन एआई- ड्रिवन मीडिया और दो वर्षीय पूर्णकालिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एम.एससी.(एआई-ड्रिवन मीडिया) हैं। एक वर्ष का पीजी डिप्लोमा इन एआई-ड्रिवन मीडिया करने के बाद विद्यार्थी इसे दूसरे वर्ष में एम.एससी(एआई-ड्रिवन मीडिया) में अपग्रेड कर सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थी एआई मीडिया प्रोडक्ट मेनेज़र, न्यूजरूम एआईलीड, डाटाजर्नलिस्ट व फेक्ट-चैकर जैसे क्षेत्रों में करियर संवार सकते हैं। इस सेक्टर में कार्य करने वालों को इंडस्ट्री में अच्छा वेतन भी मिलता है। मार्केट में इन क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भारी मांग है, जहाँ शुरुआती सैलरी पैकेज भी बहुत अच्छा होता है।
प्रत्येक पाठ्यक्रम में 20 सीटें हैं। इनमें प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 जून, 2026 है। अधिक जानकारी तथा आनलाइन आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट mcu.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
