भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में सिधी पत्रकारिता की भूमिका अहम- प्रो रवि टेकचंदानी
एमसीयू में आजादी के आंदोलन में सिंधी पत्रकारिता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
भोपाल 26 नवंबर 2026 :जब देश स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ रहा था तब भारत की अखंड भूमि पर हर नागरिक स्वतंत्रता के लिए अपना भरसक प्रयत्न कर रहा था। 1857 की सैनिक क्रांति का असर सिंध क्षेत्र के सिपाहियों और वहां की पत्रकारिता पर भी पड़ा। आजादी की लड़ाई के दौर में स्वराज स्थापना का स्वर सिंधी पत्रकारिता में भी स्थापित हुआ। 19वीं सदी के अंत तक 30 पत्र-पत्रिकाएं सिंध क्षेत्र से प्रकाशित हो रही थीं। उस वक्त सुदूर उत्तर-पश्चिम में सिंध के इलाके में भारत के महान विचारक, चिंतक और संपादक का जन्म हुआ। वो महान विभूति जिन्हें हम श्री के. आर. मलकानी जी के नाम से जानते हैं, भारत की राष्ट्रवादी पत्रकारिता का एक प्रमुख स्तंभ हैं। ये बात एमसीयू में स्थित के. आर. मलकानी सिंधी पत्रकारिता एवं संचार केंद्र द्वारा आजादी के आंदोलन में सिधी पत्रकारिता के योगदान विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता प्रोफेसर रवि टेकचंदानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि श्री मलकानी का जन्म 1921 में सिंध में हुआ। उन्होंने अपनी लेखनी और विचारों से भारत की आजादी के संघर्ष में अहम भूमिका का निर्वाह किया। वे बेहद सादा जीवन जीते थे। सिंधी पत्रकारिता सहित भारत की पत्रकारिता में भी उनका योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। श्री टेकचंदानी ने कहा कि भारत में एमसीयू में स्थित सिंधी पत्रकारिता एवं संचार अध्ययन केंद्र अपनी तरह का पहला केंद्र है उन्होंने बताया कि सिंधी पत्रकारिता का इतिहास 1843 से शुरू होता है। उस क्षेत्र में फवादअल अखबार, और कराची एडवरटाइजर्स, सिंध सुधा आदि पत्र-पत्रिकाएं सिंधी पत्रकारिता के आरंभिक प्रकाशन रहे। सिंध सुधा सिंधी भाषा की पहली पत्रकारिता पत्रिका थी।
सिंधी पत्रकारिता की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेज सरकार ने सिंध क्षेत्र के कई पत्रकारों और संपादकों को कड़ी सजा दी। बंगाल विभाजन के दौर में अंग्रेजों के इस कदम का विरोध सिंधी पत्रकारिता में भी हुआ। प्रो. टेकचंदानी ने श्री तोलाराम बलानी सहित अनेक सिंधी पत्रकारों और संपादकों की चर्चा की। उन्होंने सदा-ए-हिंद तथा देशमाता सहित, हिंदू आदि पत्रों और पत्रिकाओं के योगादान को अहम बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू सिंध क्षेत्र का एक प्रमुख प्रकाशन था जिसके आठ संपादक अंग्रेज सरकार के विरोध में जेल में गए। 1921 से 22 में इस पर प्रतिबंध लगा। महाराज लोकराम शर्मा और विष्णु शर्मा नामक पत्रकारों ने इसे प्रकाशित किया। यह सिंधी एवं देवनागरी में प्रकाशित होती थी। इसमें राष्ट्रीय विचारों का प्रकाशन होता था। इसके पहले ही अंक में संपादकों ने इसके उद्देश्य की घोषणा करते हुए कहा था कि धर्म और देश की उन्नति करना हिंदू अपना प्रमुख उद्देश्य समझता है। उन दोनों सिंध क्षेत्र में अरबी का प्रचलन था इसलिए बाद में हिंदू को अरबी में भी प्रकाशित किया गया। इसकी 3000 प्रतियां उस दौर में बिकती थी।उन्होंने नवयुग, हिंद आफताब, हिंदवासी आदि प्रकाशनों के योदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस आवसर पर उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को भविष्य में पत्रकारिता से संबंधित अनेको शोध के विषय भी बताए। इस कार्यक्रम में श्री मुरलीधर बलवानी जी, श्री राजेंद्र मनवानी जी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के आरंभ में विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. डा. पी. शशिकला ने विषय की भूमिका रखी। कार्यक्रम का संयोजन केंद्र की उप निदेशक डा. जया सुरजानी ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार भारतीय भाषा विभाग की अध्यक्ष डा. राखी तिवारी ने किया। कार्यक्रम में प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष डा. अविनाश वाजपेयी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।








