एमसीयू में प्रतिभा आयोजन का तीसरा दिन

एकल वाद्य, गायन (पाश्चात्य) सहित एकल नृत्य की विधाओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

भोपाल 18 मार्च 2026 :एमसीयू में वार्षिकोत्सव प्रतिभा- 2026 का आयोजन जारी है। आज प्रतिभा कार्यक्रम की सभी विधाएं मंचीय प्रस्तुतियों के नाम रहीं। आज इस आयोजन के तीसरे दिन विश्वविद्यालय परिसर बिशनखेड़ी स्थित परिसर में एकल वाद्य और एकल गायन (पाश्चात्य) और एकल नृत्य  विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। हर एक विधा में विद्यार्थियों ने खूब उत्साह से अपनी कला और कौशल दिखाये । 

एकल वाद्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद पाश्चात्य शैली के गायन की विधा में विद्यार्थियों ने गायन की प्रस्तुतियां दीं। यह भी सोलो परफारमेंस आधारित प्रतियोगिता थी।

आज की तीसरी प्रतियोगिता एकल नृत्य की रही। इसमें नृत्य की अलग- अलग प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने अपना कौशल दिखाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

कल प्रतिभा कार्यक्रम के दूसरे दिन एकल अभिनय की विधा में अभिनय कौशल और एकल गायन, भारतीय शैली में प्रतिभागियों ने बहुत शानदार प्रस्तुतियां दीं।  अभिनय और गजलों सहित अन्य गीतों की प्रस्तुतियों को उपस्थित को निर्णायकों और श्रोताओं ने खूब सराहा। इसके साथ ही कल स्नातक और स्नातकोत्तर स्तरों पर क्विज ओर निबंध प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अलग-अलग स्तरों पर सहभागिता की।

अब प्रतिभा कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 23 मार्च को तात्कालिक भाषण, फोटोग्राफी, वाद- विवाद, पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन, कार्टून निर्माण, वेबसाइट डिजाइनिंग तथा रेडियो कार्यक्रम निर्माण की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।