एमसीयू में प्रतिभा-2026 का शुभारंभ
‘’16 से 30 मार्च तक आयोजित होंगी विविध सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं’’
भोपाल 16 मार्च 2026 : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, एमसीयू के वार्षिकोत्सव प्रतिभा-2026 का आयोजन 16 मार्च से शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय परिसर बिशनखेड़ी स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में इस अवसर पर कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी तथा डीन छात्र कल्याण और डीन अकादमिक द्वारा मां सरस्वती, दादा माखनलाल चतुर्वेदी तथा भारत माता के चित्रों पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि प्रतिभा कार्यक्रम विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।यह विद्यार्थियों के भीतर मौजूद कला और खेल आदि प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच है। हमारे विद्यार्थियों में अगर इस तरह के कौशल होंगे तो वे उन्हें अपने भावी जीवन में कहीं भी अपनी बेहतरी के लिए उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष होने जा रहे हैं। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि उस समय ‘‘हिंदुस्तानियों के हित हेतु” एक हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन आरंभ हुआ। वर्तमान समय में भारतीय मीडिया के विविध आयामों पर विश्वविद्यालय वृहद स्तर पर एक कार्यक्रम करेगा। कुलगुरू ने कहा कि हमारे विद्यार्थी बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें निरंतर अभ्यास करने के लिए भी कहा ताकि विद्यार्थियों के भावी प्रोफेशनल जीवन में वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों मयंक आनंद और कार्तिका गोथवाल द्वारा इस समारोह के लिए विशेष तौर पर डिजाइन किए गए “लोगो” का कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी ने विमोचन किया। इस लोगो के डिजाइन में “खेल और मंचीय कला” को समाहित करते हुए “कला और खेल का समागम” टैग लाइन दी गई है। इसमें विश्वविद्यालय के एडजंक्ट प्रोफेसर श्री अनूप दत्ता ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है।
प्रतिभा-2026 के शुभारंभ अवसर पर जनसंचार विभाग की छात्रा डबीरू मोहना ने ओडिसी नृत्य के माध्यम से गणेश वंदना की प्रस्तुति दी तथा डिजिटल जर्नलिज्म के स्नातकोत्तर के विद्यार्थी आर्यन वाजपेई ने अपनी कविता की प्रस्तुति दी। प्रतिभा के रंगारंग शुभारंभ सत्र में विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के अभिराज मिश्रा, आस्था शर्मा,पार्थ गौतम तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के ध्रुव आचार्य, तथा कंप्यूटर विभाग के बीसीए पाठ्यक्रम विद्यार्थी मंथन आर्य ने गायन की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव श्री विवेक सावरीकर ने किया।
प्रतिभा-2026 कार्यकम के अंतर्गत आज रंगोली, स्वरचित काव्यपाठ, फीचर लेखन, पोस्टर निर्माण तथा मोबाइल शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इन सभी विधाओं में स्नातक तथा स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर सहभागिता की है। प्रतिभा कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त विद्यार्थी, शिक्षक उपस्थित थे।
कल दिनांक 17 मार्च को एकल अभिनय, एकल गायन, निबंध लेखन तथा क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।









