एमसीयू में मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षकों के लिए क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित

भोपाल, 20 नवंबर 2026: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू), भोपाल द्वारा पीएसएस केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (PSSCIVE), एनसीईआरटी, भोपाल के सहयोग से मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में कौशल शिक्षा विषय पर शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय क्षेत्र-विशिष्ट क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 16 से 20 नवंबर 2026 तक विश्वविद्यालय के नव मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में पंजाब के 11 तथा छत्तीसगढ़ के 15 सहित कुल 26 व्यावसायिक शिक्षकों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DSE&L) द्वारा अनुमोदित एवं वित्तीय रूप से समर्थित किया गया था।

आवासीय स्वरूप में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 तथा राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCFSE) 2023 के संदर्भ में शिक्षकों की समझ विकसित करना, मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में उभरती प्रौद्योगिकियों तथा रोजगार के अवसरों से परिचित कराना और उनके व्यावहारिक कौशल एवं शिक्षण दक्षताओं को सुदृढ़ करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत मीडिया एवं सूचना साक्षरता, कक्षा शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपकरणों का उपयोग, पटकथा लेखन, डिजिटल स्टोरीटेलिंग, कॉमिक्स, गेमिंग, पॉडकास्टिंग, सामुदायिक रेडियो, स्मार्टफोन वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, एनीमेशन तथा विजुअल इफेक्ट्स जैसे विविध विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को नव मीडिया प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, कर्मवीर सामुदायिक रेडियो तथा ऑडियो-विजुअल स्टूडियो (एमसीयू दर्शन) में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, भोपाल स्थित विस्तार न्यूज़ के औद्योगिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को लाइव न्यूज़रूम प्रोडक्शन तथा टेलीविजन प्रसारण की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

प्रो. सदानंद दामोदर सप्रे जी द्वारा ‘भारत में मीडिया कर्मियों की भूमिका’ विषय पर आयोजित विचारोत्तेजक सत्र कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। उन्होंने प्रतिभागियों को भारतीय मीडिया जगत की प्रेरक विभूतियों को अपना आदर्श बनाने तथा पत्रकारिता और समाज के प्रति उनके योगदान से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय के नालंदा केंद्रीय पुस्तकालय का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया एवं संबंधित विषयों पर उपलब्ध पुस्तकों और शोध पत्रिकाओं के समृद्ध संग्रह के साथ-साथ विभिन्न विषयों से संबंधित समाचार-पत्रों की कतरनों का अवलोकन किया। समाचारों की 100 वर्षों की यात्रा को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी ने प्रतिभागियों को पत्रकारिता के विकास तथा बदलते मीडिया परिदृश्य की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी के साथ प्रेरक संवाद रहा। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने लगभग 25 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित करने, ऐतिहासिक दृष्टिकोण अपनाने, आलोचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करने तथा समसामयिक घटनाओं के सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदर्भों को समझने पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया उद्योग में विद्यार्थियों को बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने हेतु न्यूज़रूम की कार्यप्रणाली, रिपोर्टिंग, पटकथा लेखन, संपादन तथा टेलीविजन प्रोडक्शन का व्यावहारिक अनुभव अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम का समापन प्रशिक्षणोपरांत मूल्यांकन, प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया तथा समापन समारोह के साथ हुआ। यह पहल विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इससे शिक्षकों के विषयगत ज्ञान, व्यावहारिक कौशल एवं शिक्षण क्षमताओं में वृद्धि होगी तथा वे विद्यार्थियों को मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में उभरते रोजगार एवं करियर अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे।