एमसीयू में सिनेब्रेशन 3.0 फिल्म फेस्टिवल आज से

भोपाल 25 मार्च 2026 : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के चलचित्र विभाग द्वारा सिनेब्रेशन 3.0 कार्यक्रम का आयोजन 25 एवं 26 मार्च 2026 को किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का आयोजन भी किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 25 मार्च को दोपहर 12.00 बजे प्रख्यात अभिनेता श्री राजीव वर्मा, मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय के निदेशक श्री संजय श्रीवास्तव एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री  विजय मनोहर तिवारी की गरिमामय उपस्थिति में होगा।  

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चलचित्र विभाग के अतिरिक्त अन्य मीडिया विभागों के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के अंतर्गत भारत के विभिन्न राज्यों से प्राप्त फिल्मों तथा अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म विशेषज्ञों की मास्टर क्लास एवं संवाद सत्रों का आयोजन भी किया गया है। साथ ही कार्यक्रम में प्रदर्शित फिल्मों के पोस्टर्स की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। सिनेमा पर प्रकाशित अच्छी एवं चर्चित पुस्तकों की पुस्तक प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। साथ ही फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न नवीनतम कैमरों एवं उपकरणों की प्रदर्शनी भी इस कार्यक्रम के दौरान आयोजित की जा रही है।

विश्वविद्यालय के चलचित्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि सिनेब्रेशन विश्वविद्यालय का एक प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन है और विगत तीन वर्षों में इस कार्यक्रम ने सिने प्रेमियों के बीच विशेष पहचान बनाई है। हमारा उद्देश्य इस कार्यक्रम के माध्यम से यंग फिल्म मेकर्स को फिल्म निर्माण के लिए प्रोत्साहित करना है एवं उन्हें अपनी फिल्मों के प्रदर्शन के लिए एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है। शहर के सिनेमा जगत से जुड़ी सभी चर्चित शख्सियत इस कार्यक्रम में उपस्थित हो रही हैं।