एमसीयू की शोध पत्रिकाओं को मिला उच्चतम SJIF इम्पेक्ट फैक्टर
भोपाल 05 फरवरी 2026 : एमसीयू द्वारा प्रकाशित शोध पत्रिकाओं (रिर्सच जर्नल्स) क्रमशः मीडिया मीमांसा एवं जर्नल ऑफ पब्लिक रिलेशंस एंड एडवरटायजिंग (जेपीआरए) को साइंटिफिक जर्नल इम्पेक्ट फैक्टर, इनोस्पेस इंटरनेशनल की ओर से उच्चतम इम्पेक्ट फैक्टर प्राप्त हुआ है। वर्ष 2025 के लिए जारी प्रमाण पत्र द्वारा जर्नल ऑफ एडवरटायजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस को SJIF 2025 = 6.997 प्राप्त हुआ है। इसी तरह विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका मीडिया मीमांसा को SJIF 2025 = 5.034 प्राप्त हुआ है। शोध क्षेत्र में 5 के ऊपर इम्पेक्ट फैक्टर प्राप्त होना किसी भी शोध पत्रिका के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इस तरह के इम्पेक्ट फैक्टर गुणवत्तापूर्ण शोध आलेखों के प्रकाशन के आधार पर प्रदान किये जाते हैं। देश के किसी भी शासकीय विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित जनसंचार से सम्बन्धित शोध पत्रिकाओं को अब तक इस तरह का उच्चतम इम्पेक्ट फैक्टर प्राप्त नहीं हुआ है।
विश्वविद्यालय के प्रकाशन विभाग द्वारा विगत डेढ़ दशक से त्रैमासिक पीअर रिव्यूड शोध पत्रिका ‘मीडिया मीमांसा’ का प्रकाशन किया जाता है। यह द्विभाषी शोध पत्रिका है जिसमें मीडिया के विविध विषयों से सम्बन्धित शोध आलेखों का प्रकाशन किया जाता है। साथ ही विश्वविद्यालय के विज्ञापन एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा वर्ष 2022 से अर्द्धवार्षिक ऑनलाइन शोध पत्रिका जर्नल ऑफ पब्लिक रिलेशंस एंड एडवरटायजिंग (जेपीआरए) का प्रकाशन किया जाता है। इस शोध पत्रिका में जनसम्पर्क एवं विज्ञापन से सम्बन्धित शोध आलेखों का प्रकाशन किया जाता है। विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शोध कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय है।




