एमसीयू के वार्षिकोत्सव प्रतिभा-2026 की खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
‘‘क्रिकेट, कैरम, वॉलीबॉल और शतरंज के मुकाबले रहे बेहद रोमांचक‘‘
भोपाल 24 मार्च 2026 । एमसीयू में वार्षिकोत्सव प्रतिभा-2026 का आयोजन चल रहा है। अब आज से इस कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं का दौर चल रहा है। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी पूरे उत्साह और जोश से भागीदारी कर रहे हैं। इस वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आज कैरम, शतरंज,वालीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
आज आयोजित क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा में विद्यार्थियों की टीमों ने बैटिंग और बॉलिंग में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपनी पारियां खेलीं। फाइनल मुकाबला नवीन मीडिया तकनीक और पत्रकारिता विभाग के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में नवीन मीडिया एवं तकनीक विभाग शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनी।
इससे पहले सेमी-फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पत्रकारिता विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विभाग पर जीत दर्ज की। वहीं, दूसरा सेमी-फाइनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग और नवीन मीडिया तकनीक विभाग के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में नवीन मीडिया तकनीक विभाग ने जीत दर्ज की।
इस आयोजन में आज वॉलीबॉल की प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसमें कंप्यूटर साइंस एप्लिकेशन विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग की टीम को 25-19 और 25-11 से हराया। इस जीत के साथ टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया और पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा।
प्रतिभा के अंतर्गत आज हुए शतरंज के मुकाबले में जनसंचार विभाग के बदर रहमानी प्रथम, न्यू मीडिया विभाग के सत्यम कुमार दूसरे तथा पत्रकारिता विभाग के मयंक आनंद तीसरे स्थान पर रहे। वहीं कैरम की प्रतियोगिता में कंप्यूटर विभाग के रचित राठौर और दिया हासवानी प्रथम,प्रबंधन विभाग के उत्कर्ष पटेल और सन्नी सोनी दूसरे स्थान पर तथा पुस्तकालय विज्ञान विभाग के मोहितेश शर्मा और टेकराम शर्मा तीसरे स्थान पर रहे।




