एमसीयू में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम प्रतिभा की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
सांस्कृतिक और मंचीय प्रस्तुतियों के साथ खेल प्रतियोगिताएं भी हुई आरंभ
भोपाल 23 मार्च 2026: एमसीयू में वार्षिकोत्सव प्रतिभा-2026 का आयोजन चल रहा है। आज प्रतिभा कार्यक्रम के चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूल की प्रतिस्पर्धाएं भी शुरू हुईं। आज इस आयोजन में विश्वविद्यालय परिसर बिशनखेड़ी स्थित परिसर में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता से शुरूआत हुई। इसमें स्किल इंडिया, मीडिया का बदलता स्वरूप, महिला आरक्षण, न्यूज बनाम व्यूज जैसे समसामयिक विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। आज वाद विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसका विषय था कि क्या डिजिटल शिक्षा पारंपरिक शिक्षा की जगह ले सकती है?
आज वाद विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसका विषय था कि क्या डिजिटल शिक्षा पारंपरिक शिक्षा की जगह ले सकती है? इसके पक्ष और विपक्ष में प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। वेबसाइट डिजाइनिंग की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कंप्यूटिंग के कौशल का प्रदर्शन किया। कार्टून निर्माण की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने खूब उत्साह से अपनी कला और कौशल दिखाये। फोटोग्राफी की प्रतियोगिता में प्रकृति के रंग माखनपुरम के संग थीम पर आधारित थी। इसमें प्रतिभागियों ने एमसीयू के परिसर में प्राकृतिक वातावरण की बेहतरीन तस्वीरें कैमरे में लीं। रेडियो कार्यक्रम निर्माण में सभी विभागों के विद्यार्थिंयों ने सहभागिता की। रेडियो कार्यक्रम निर्माण की प्रतियोगिता का विषय अभ्युदय मध्यप्रदेश था।
प्रतिभा कार्यक्रम के चौथे दिन आज तात्कालिक भाषण, फोटोग्राफी, वाद-विवाद, कार्टून निर्माण और रेडियो कार्यक्रम निर्माण, वेबसाइट निर्माण और पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन सहित कुल सात विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
एमसीयू के वार्षिकोत्सव ‘प्रतिभा-2026’ के अंतर्गत आज से खेलकूद प्रतियोगिताओं का दौर भी शुरू हो गया है। खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बालिका बॉलीबाल के साथ हुआ। कुलगुरु ने नर्मदा बालिका हॉस्टल के सामने नवनिर्मित बॉलीबाल कोर्ट में उद्घाटन किया। यह पहला मौका है जब विश्वविद्यालय में महिला बॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसमें पत्रकारिता विभाग, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग, न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस एंड एप्लिकेशन विभाग की छात्राओं ने भाग लिया। रोचक मुकाबले में पत्रकारिता विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को पराजित किया। आज बॉलीबाल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 8 टीमों ने भाग लिया। जिसके सेमीफाइनल एवं फाइनल मैच कल आयोजित होंगे।
इसके साथ ही पहले दिन क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले खेले गए। क्रिकेट में पहला मुकाबला कंप्यूटर और मीडिया शोध विभाग के साथ खेला गया, जिसे कंप्यूटर विभाग ने जीता। दूसरे रोमांचक मुकाबले में पत्रकारिता विभाग ने विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग को नजदीकी मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। तीसरा मुकाबला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और जनसंचार विभाग के बीच खेला गया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग विजेता रहा। वहीं, चौथे मुकाबले में नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी ने बहुत रोमांचक मुकाबले में मीडिया प्रबंधन विभाग पर जीत दर्ज की। 24 मार्च को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल पत्रकारिता और कंप्यूटर विज्ञान के बीच खेला जाएगा। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग और नवीन मीडिया विभाग के बीच खेला जाएगा।
कल 24 मार्च को शतरंज और कैरम प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।










