‘प्रणाम उदंत मार्तण्ड’ का शुभारंभ
भोपाल 08 मई 2026 : हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और वीर भारत न्यास की संयुक्त पहल पर ‘प्रणाम! उदंत मार्तण्ड’ शीर्षक से तीन दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श का शुभारंभ शुक्रवार 8 मई को होगा। 8, 9 और 10 मई 2026 को भारत भवन, भोपाल में आयोजित इस समारोह में तीन सत्र भारत केंद्रित होंगे,जिन्हें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण और फिल्मकार डा. चंद्रप्रकाश द्विवेदी संबोधित करेंगें। कार्यक्रम में भारत भवन,दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, मप्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद भी सहयोगी हैं।
8 मई को प्रातः 10.30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण (अयोध्या) करेगें। समारोह को पूर्व सूचना आयुक्त श्री उदय माहूरकर, डा. सी.जयशंकर बाबु, कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी और श्रीराम तिवारी संबोधित करेंगें। विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ पत्रकार विष्णुप्रकाश त्रिपाठी, नगमा सहर, सईद अंसारी, उदय सिन्हा, अमिताभ अग्निहोत्री, जयंती रंगनाथन, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. कृपाशंकर चौबे, प्रो.सोमा बंद्योपाध्याय, विकास मिश्र, प्रफुल्ल केतकर, प्रत्यूष रंजन, शैलेश पाण्डेय, हितेश शंकर, प्रतीक त्रिवेदी, राशिद किदवई, अनिल पाण्डेय, दिलीप शर्मा, शरद गुप्ता, सलमान रावी शामिल होगें। इस अवसर दो सौ वर्षों की पत्रकारिता की गौरवशाली यात्रा पर केंद्रित समाचार पत्रों की प्रदर्शनी भी लगेगी। साथ ही देश के आठ वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अपना लाइव कार्टून शो करेंगे।
तीन किताबों का लोकार्पण-
इस मौके विद्यार्थियों के अनुभवों पर केंद्रित पुस्तक ‘माखन के लाल’, ‘कार्टून कथा’ और ‘खजुराहो’ का लोकार्पण होगा। विश्वविद्यालय के प्रायोगिक अखबारों ‘विकल्प’, ‘पहल’ और ‘अभ्युदय’ के विशेषांकों का भी विमोचन होगा। इसी तरह इलेक्ट्रानिक मीडिया के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई तीन डाक्यूमेंट्री भी इस मौके पर रिलीज होगी। समारोह में प्रतिदिन 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
